Breaking News

मणिपुर के नाम में ही मणि’, पीएम मोदी बोले- भविष्य में पूर्वोत्तर को चमकाएगा राज्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर हैं। दो साल पहले यानी 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद यह मणिपुर की उनकी पहली यात्रा है। वे चुराचांदपुर पहुंच गए हैं। उन्होंने मणिपुर के लोगों को 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात के तौर पर कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

पीएम मोदी चुराचांदपुर से इंफाल के लिए रवाना
चुराचांदपुर में जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी इंफाल रवाना हो गए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर की धरती आशा और आकांक्षाओं की धरती है। दुर्भाग्य से हिंसा ने इस खूबसूरत क्षेत्र पर अपनी छाया डाल दी है। कुछ समय पहले मैं राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों से मिला। उनसे मिलने के बाद मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मणिपुर में आशा और विश्वास का एक नया सवेरा उग रहा है। कहीं भी विकास की जड़ें जमाने के लिए शांति आवश्यक है। पिछले 11 वर्षों में पूर्वोत्तर में कई संघर्षों और विवादों का समाधान हुआ है। लोगों ने शांति का मार्ग चुना है और विकास को प्राथमिकता दी है। हमें संतोष है कि हाल ही में पहाड़ियों और घाटियों में विभिन्न समूहों के साथ समझौतों पर बातचीत हुई है। ये भारत सरकार के प्रयासों का हिस्सा हैं जिनमें संवाद, सम्मान और आपसी समझ को महत्व देते हुए शांति स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। मैं सभी संगठनों से शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की अपील करता हूं। मैं आपके साथ हूं, भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है।

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर के नाम में ही ‘मणि’ है। ये वो ‘मणि’ है जो भविष्य में पूरे पूर्वोत्तर को जगमगाने वाला है। भारत सरकार मणिपुर को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रयासरत है।

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर की धरती साहस और वीरता की धरती है। मैंने सड़क पर जो दृश्य देखे, उसके लिए मैं ईश्वर का धन्यवाद करता हूँ कि आज मेरा हेलीकॉप्टर काम नहीं कर रहा था। जिस तरह से मैंने मणिपुर के युवाओं और बुजुर्गों को हाथों में तिरंगा लिए देखा, मैं इस पल को जीवन में कभी नहीं भूल सकता।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से विकसित हो रहा है। हम विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। आज हमारा लक्ष्य देश के कोने-कोने तक विकास पहुंचाने का है। मणिपुर में भी विकास कार्य होंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर बॉर्डर से सटा राज्य है। यहां कई चुनौती रही हैं। अच्छी सड़कें न होने से जो परेशानी आपको आई है। उसे हम दूर करेंगे। मैंने मणिपुर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कहा। हमने मणिपुर में रेल और रोड का बजट बढ़ाया। शहरों के साथ गांवों तक सड़कें पहुंचाने पर जोर लगाया। यहां नेशनल हाईवे पर 3700 करोड़ रुपये खर्च किए गए। 8700 करोड़ से नए हाईवे पर काम चल रहा है।

Check Also

सोनिया गांधी को बड़ी राहत: कोर्ट ने FIR दर्ज करने की याचिका की खारिज

यह याचिका विकास त्रिपाठी नामक शख्स ने दायर की थी, जिसमें उनके भारतीय नागरिक बनने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *